1 सितंबर तक पूरी होगी नियुक्ति प्रक्रिया, 29 जुलाई से 13 अगस्त तक जमा होंगे आवेदन
कानपुर। कानपुर नगर की 25 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक/एकाउंटेंट-कम-डेटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया 27 जुलाई से शुरू होगी। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पंचायती राज विभाग के निर्देशों के अनुसार सभी रिक्त पदों पर चयन एवं नियुक्ति की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के तहत 1 सितंबर 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि पंचायती राज निदेशालय के निर्देशानुसार ग्राम पंचायतों में रिक्त होने वाले पंचायत सहायक/एकाउंटेंट-कम-डेटा एंट्री ऑपरेटर के पदों पर रिक्ति की तिथि से दो माह के भीतर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है। ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद वर्तमान में प्रशासकों के माध्यम से सामान्य कार्यों का संचालन किया जा रहा है। ऐसे में रिक्त पदों को शीघ्र भरने के निर्देश दिए गए हैं।
भर्ती प्रक्रिया के तहत 27 और 28 जुलाई को संबंधित ग्राम पंचायतों में सूचना पट्ट एवं मुनादी के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी 29 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय, संबंधित विकास खंड कार्यालय अथवा ग्राम पंचायत कार्यालय में अपने आवेदन जमा कर सकेंगे।
इसके बाद 14 से 17 अगस्त तक प्राप्त आवेदन संबंधित ग्राम पंचायतों को भेजे जाएंगे। 18 से 25 अगस्त के बीच ग्राम पंचायतें मेरिट सूची तैयार कर प्रशासनिक समिति के अनुमोदन के बाद जिला पंचायत राज अधिकारी को भेजेंगी।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय समिति 26 से 29 अगस्त तक अभिलेखों का परीक्षण कर चयन को अंतिम रूप देगी। इसके बाद 30 अगस्त से 1 सितंबर 2026 के बीच चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ शासनादेश के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में संपन्न कराई जाए तथा शासन और पंचायती राज निदेशालय द्वारा मांगी जाने वाली सभी सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।