सील हुई निर्माण इकाई, सिरप-शरबत और सॉस का लाखों रुपये का जखीरा डंपिंग ग्राउंड में कराया गया नष्ट
कानपुर नगर, 19 जून 2026।
जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशों तथा आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के आदेशों के क्रम में जनपदवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जाजमऊ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 8600 लीटर कालातीत (एक्सपायर्ड) खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 15 जून 2026 को जाजमऊ स्थित विशाल भारत इंडस्ट्री का निरीक्षण किया। प्रतिष्ठान के खाद्य कारोबारकर्ता तौकीर कमाल अंसारी हैं। निरीक्षण के दौरान परिसर में भारी मात्रा में कालातीत सिरप, क्रश, शरबत एवं सॉस भंडारित पाए गए। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोग फरार हो गए, जिसके बाद विभागीय टीम ने निर्माण इकाई को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
इसके बाद 17 जून 2026 को खाद्य कारोबारकर्ता के प्रतिनिधि की उपस्थिति में अचार के दो नमूने संग्रहित किए गए तथा लगभग 198 किलोग्राम अचार को सीज किया गया। इसके अतिरिक्त जांच के लिए सॉस के तीन नमूने भी लिए गए। कालातीत खाद्य सामग्री की अधिक मात्रा होने के कारण उसका तत्काल विनष्टीकरण नहीं कराया जा सका था।
विभागीय कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए 19 जून 2026 को लगभग 8600 लीटर कालातीत खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 32 हजार 200 रुपये आंकी गई, को नगर निगम के भवती स्थित डंपिंग ग्राउंड में विधिवत नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिलावटी, अवमानक एवं कालातीत खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त (खाद्य) संजय प्रताप सिंह के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, अरविन्द, आशुतोष और दिव्या उपस्थित रहीं।