कानपुर में नकली हल्दी फैक्ट्री का भंडाफोड़: चावल में रंग मिलाकर बन रही थी हल्दी, 5.86 लाख का माल जब्त
कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने पनकी स्थित एक मसाला निर्माण इकाई पर छापेमारी कर मिलावटी मसालों के बड़े खेल का खुलासा किया है। जांच के दौरान टीम ने पाया कि चावल के टुकड़ों में पीला रंग मिलाकर हल्दी पाउडर तैयार किया जा रहा था। मौके से 5.86 लाख रुपये मूल्य का स्टॉक जब्त किया गया और छह नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों संजय वर्मा, उमाशंकर सिंह और रजनीश राय की टीम ने इस्पात नगर, पनकी स्थित पीतांबरा इंटरप्राइजेज पर अचानक छापा मारा। निरीक्षण के दौरान परिसर में हल्दी पाउडर का निर्माण होता मिला, लेकिन वहां साबुत हल्दी का कोई स्टॉक मौजूद नहीं था। जांच में सामने आया कि चावल को पीसकर उसमें हल्दी जैसा रंग मिलाया जा रहा था और उसी से हल्दी पाउडर तैयार किया जा रहा था।
छापेमारी में मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, चावल के टुकड़े, मिर्च में मिलाने के लिए रास्पबेरी रेड कलर और अन्य कच्चा माल भी बरामद हुआ। टीम ने हल्दी पाउडर, लिक्विड कलर, चावल के टुकड़े, मिर्च पाउडर, मिर्च में प्रयुक्त रंग और धनिया पाउडर सहित कुल छह नमूने लेकर खाद्य विश्लेषक के पास जांच के लिए भेज दिए हैं।
विभाग ने मौके से 77 बैग चावल के टुकड़े, 42 बैग हल्दी पाउडर, 30 किलोग्राम धनिया पाउडर, 30 किलोग्राम मिर्च पाउडर तथा 20 किलोग्राम हल्दी अपमिश्रक जब्त किया। जब्त किए गए स्टॉक की कुल कीमत 5,86,200 रुपये आंकी गई है।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद यदि मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण या बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करें।