कानपुर नगर। बच्चों को टिटनेस, डिप्थीरिया और काली खांसी जैसी गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जनपद में 3 से 7 अगस्त तक स्कूल आधारित टीडी-डीपीटी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत कक्षा 5 से 12 तक के लगभग 60 हजार विद्यार्थियों को निःशुल्क टीके लगाए जाएंगे।
अभियान का शुभारंभ सोमवार को छावनी परिषद स्कूल, फेथफुलगंज में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने एक छात्रा को टीका लगवाकर किया। उन्होंने सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों और मदरसों से अपील की कि वे पात्र विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकांश अभिभावक जन्म से पांच वर्ष तक बच्चों का नियमित टीकाकरण कराते हैं, लेकिन 5 वर्ष, 10 वर्ष और 16 वर्ष की आयु पर लगने वाले बूस्टर डोज कई बार छूट जाते हैं। यह लापरवाही बच्चों को गंभीर बीमारियों के खतरे में डाल सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीडी-डीपीटी टीका पूरी तरह सुरक्षित, वैज्ञानिक और निःशुल्क है तथा हर पात्र बच्चे को समय पर यह सुरक्षा कवच मिलना चाहिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी ने बताया कि डिप्थीरिया गले और श्वसन तंत्र को प्रभावित करने वाला गंभीर संक्रमण है, काली खांसी लंबे समय तक चलने वाली तेज खांसी का कारण बनती है, जबकि टिटनेस घाव के माध्यम से होने वाला खतरनाक संक्रमण है। इन तीनों बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर टीडी-डीपीटी टीकाकरण है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.पी. यादव ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। सभी विद्यालयों में पात्र विद्यार्थियों का टीकाकरण कराया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को निर्धारित तिथि पर विद्यालय भेजने और अभियान में सहयोग करने की अपील की।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि टीकाकरण संबंधी किसी भी जानकारी के लिए सीएमओ कार्यालय के कंट्रोल रूम में सहायता उपलब्ध है। अभिभावक 9335301096 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही अपने बच्चे के विद्यालय, बीएसए, डीआईओएस अथवा संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी से भी टीकाकरण की जानकारी ली जा सकती है।