बॉम्बे बेकरी और गोपाला स्वीट हाउस में मिली गंभीर अनियमितताएं, वारसी होटल को नोटिस; 10 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे
कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को शहर में विशेष अभियान चलाकर सात खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान तीन प्रतिष्ठानों का खाद्य निर्माण कार्य बंद कराया गया, एक होटल को नोटिस जारी किया गया तथा 10 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
दलेलपुरवा स्थित बॉम्बे बेकरी में गंदगी के बीच केक बनते मिले। कर्मचारियों के पास सुरक्षा उपकरण व स्वास्थ्य प्रमाणपत्र नहीं थे और प्रतिष्ठान बिना वैध पंजीकरण के संचालित हो रहा था। खाद्य निर्माण तत्काल बंद कराते हुए केक और वनस्पति घी के नमूने लिए गए।
गोपाला स्वीट हाउस (लक्ष्मीपुरवा) में खुले नाले के किनारे समोसे-कचौड़ी तैयार की जा रही थीं। परिसर में गंदगी, जलभराव और मक्खियां मिलने पर साफ-सफाई होने तक संचालन बंद करा दिया गया।
वारसी होटल एंड कैटरर्स में बिना हेड कैप, ग्लव्स व एप्रन के भोजन तैयार किया जा रहा था। स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पानी की जांच रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था नहीं मिलने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया।
वहीं बाबा स्वीट हाउस और हिमानी फूड कॉरपोरेशन की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, जबकि न्यू अजमेरी रेस्टोरेंट और आगरा जैन जलेबी से भी खाद्य नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। आगरा जैन जलेबी में सफाई संबंधी कमियां मिलने पर सुधार होने तक खाद्य निर्माण कार्य बंद रखने के निर्देश दिए गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II संजय प्रताप सिंह ने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।