रैंकिंग खराब होने पर होगी कठोर कार्रवाई, जननी सुरक्षा योजना में लगातार खराब प्रदर्शन पर सीएमओ को प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश

कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में सीएम डैशबोर्ड (विकास कार्य), निर्माण कार्य तथा सीएम डैशबोर्ड (राजस्व कार्यों) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति, जनपद की रैंकिंग तथा निर्माण परियोजनाओं की स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया।

बैठक में बिना पूर्व अनुमति के अनुपस्थित रहने पर पर्यटन अधिकारी नीलम गौतम, पर्यटन विभाग की कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर सुखवीर सिंह तथा जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता संदेश सिँह विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त, विगत तीन माह से लगातार जननी सुरक्षा योजना में जनपद के 'डी' श्रेणी में रहने पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जिन विभागों की लापरवाही के कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित होगी, उनके जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

फैमिली आईडी की समीक्षा के दौरान जनपद की रैंकिंग 'सी' पाए जाने पर समस्त खंड विकास अधिकारियों, जिला दिव्यांगजन अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए।

आबकारी विभाग एवं मंडी शुल्क में लगातार 'डी' ग्रेड प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस (शो कॉज नोटिस) जारी करने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए।

बैठक में निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि 12 परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद पूर्ण नहीं हो सकी हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित परियोजना अधिकारियों को शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इनमें चिकित्सा शिक्षा, परिवहन, ऊर्जा, बेसिक शिक्षा, अल्पसंख्यक कल्याण, गृह एवं गोपन, कारागार, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग तथा उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) सहित अन्य विभाग शामिल हैं। साथ ही संबंधित विभागों को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखना और उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करना सभी संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं की समान जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी एवं संस्थाएं अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, जवाबदेही और गंभीरता के साथ सुनिश्चित करें, जिससे जनपद की रैंकिंग में सुधार हो और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जा सकें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (नगर) सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।