कानपुर नगर। मोहर्रम-2026 के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर पुलिस एवं जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आयोजन समितियों, शहर काजी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जुलूसों के सुचारु संचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में जुलूस मार्गों पर बिजली के तार, सड़क के गड्ढे, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पूरे आयोजन की निगरानी सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और सेंट्रल कंट्रोल रूम के माध्यम से किए जाने की योजना साझा की गई।
अधिकारियों ने कहा कि अनुशासित एवं व्यवस्थित जुलूस निकालने वाले आयोजकों को सम्मानित किया जाएगा। युवाओं से सड़क पर स्टंटबाजी से बचने तथा सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना को बिना पुष्टि के साझा न करने की अपील की गई।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि लोहे की रॉड अथवा गीले बांस से बने झंडों का प्रयोग न किया जाए। इसके अलावा अलम की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग तय डेसिबल सीमा के भीतर करने के निर्देश दिए गए।
मोहर्रम-2026 की तैयारियों को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, शांतिपूर्ण आयोजन के लिए बनाई व्यापक रणनीति


Share this story