कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की सख्ती के बाद विकासखंड चौबेपुर के ग्राम बौढ़नपुर-चौधरीपुर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पेयजल परियोजना से नियमित जलापूर्ति शुरू कर दी गई है। लंबे समय से निर्माण कार्य पूर्ण होने के बावजूद जलापूर्ति शुरू न होने पर डीएम ने निरीक्षण के दौरान नाराजगी जताई थी और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
बुधवार को निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि परियोजना का निर्माण और ट्रायल कार्य पूरा होने के बावजूद ग्रामीणों को पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही थी। इस पर उन्होंने कार्यदायी संस्था विंध्य टेलीलिंक्स लिमिटेड (वीटीएल) के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल जलापूर्ति शुरू कराने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देशों का असर यह रहा कि उसी रात गांव में पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी गई।
कार्यदायी संस्था के अनुसार परियोजना के अंतर्गत पंप हाउस, बाउंड्री वॉल, रिचार्ज पिट, सोलर सिस्टम, मोटर पंप, डीजी सेट, पाइपलाइन और घरेलू कनेक्शन सहित सभी प्रमुख कार्य पूरे किए जा चुके हैं। ओवरहेड टैंक में डीआई पाइप से संबंधित तकनीकी कार्य के चलते आपूर्ति प्रभावित थी, जिसे दूर कर दिया गया है।
करीब 3.45 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस योजना से तीन गांवों के 663 परिवारों और लगभग 3,466 लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। योजना के तहत 9,782 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है, जिससे अब कनेक्शन प्राप्त घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचने लगा है।
जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन से जुड़ी सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए हैं कि जिन परियोजनाओं का निर्माण और ट्रायल कार्य पूरा हो चुका है, वहां बिना किसी अनावश्यक विलंब के नियमित जलापूर्ति शुरू कराई जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य तभी सफल माना जाएगा जब उनका लाभ समयबद्ध रूप से आम जनता तक पहुंचे और प्रत्येक पात्र परिवार को घर बैठे स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।

