श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु जलाभिषेक के लिए प्रशासन अलर्ट, सभी विभागों को दिए आवश्यक निर्देश
कानपुर। पावन श्रावण मास (30 जुलाई 2026) के शुभारंभ से पूर्व जिला प्रशासन ने श्री आनंदेश्वर महादेव मंदिर, परमट में तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर के पुजारी, महंत तथा संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सावन के दौरान श्री आनंदेश्वर महादेव के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िए पहुंचते हैं। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन करें, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग कराने, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सहायता सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी देने वाले बड़े एवं स्पष्ट साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। मंदिर के महंत से व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को सभी सुधारात्मक कार्य तत्काल पूरा करने को कहा।
नगर निगम को मंदिर परिसर एवं आसपास नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त डस्टबिन, समय पर कचरा उठान तथा सफाई कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं केस्को को निर्बाध विद्युत आपूर्ति और रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग को मंदिर के निकट अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र स्थापित कर चिकित्सकीय टीम, आवश्यक दवाइयों एवं प्राथमिक उपचार सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग को सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम से सतत मॉनिटरिंग, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा पर्याप्त पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग एवं सुव्यवस्थित मार्ग विकसित करने के निर्देश भी दिए, जिससे दर्शन एवं जलाभिषेक की व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भगवान श्री आनंदेश्वर महादेव का जलाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित, सुगम और श्रद्धापूर्वक भगवान श्री आनंदेश्वर महादेव के दर्शन एवं जलाभिषेक कर सके। सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
"हर-हर महादेव के जयघोष को तैयार परमट: सावन से पहले श्री आनंदेश्वर धाम की व्यवस्थाओं का जिलाधिकारी ने लिया जायजा"


Share this story