20 जून को कलेक्ट्रेट मे
कानपुर नगर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नजारत अनुभाग की निष्प्रयोज्य चल सम्पत्तियों की सार्वजनिक नीलामी आगामी 20 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। यह नीलामी अपराह्न 4 बजे कलेक्ट्रेट बैठक हॉल में संपन्न होगी, जिसमें इच्छुक व्यक्ति एवं बोलीदाता निर्धारित समय पर पहुंचकर भाग ले सकेंगे।
अपर जिलाधिकारी (नगर) द्वारा जारी सूचना के अनुसार नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निर्धारित नियमों के तहत संचालित की जाएगी। नीलामी से संबंधित नियम एवं शर्तों की विस्तृत जानकारी किसी भी कार्य दिवस में कलेक्ट्रेट के नजारत अनुभाग से प्राप्त की जा सकती है।
नीलामी में भाग लेने वाले प्रत्येक बोलीदाता को अपना जीएसटी पंजीकरण संख्या (यदि लागू हो) तथा एक वैध पहचान पत्र की छायाप्रति प्रस्तुत करनी होगी। साथ ही प्रतिभागियों को 5,000 रुपये की जमानत धनराशि अग्रिम रूप से नायब नाजिर कैश, कलेक्ट्रेट नजारत अनुभाग में जमा करानी होगी।
प्रशासन के अनुसार सर्वाधिक बोली लगाने वाले पात्र व्यक्ति को नीलामी राशि का 50 प्रतिशत हिस्सा तत्काल जमा करना होगा, जबकि शेष राशि नीलामी स्वीकृति के एक सप्ताह के भीतर देय करों सहित जमा करनी होगी। पूर्ण भुगतान के बाद संबंधित चल सम्पत्ति का हस्तांतरण किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी (नगर) ने बताया कि सभी सम्पत्तियां “जहां हैं और जिस स्थिति में हैं” के आधार पर बेची जाएंगी। इसलिए इच्छुक बोलीदाताओं को नीलामी में भाग लेने से पूर्व सामग्री का निरीक्षण करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।
