डीएम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, बारिश के मौसम में मिलावटखोरों पर कसा शिकंजा
कानपुर नगर। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपदभर में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान किदवई नगर स्थित एक प्रतिष्ठान में बिक्री के लिए रखे गए 25 किलोग्राम रंगीन फिंगर चिप्स को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। इसके साथ ही दूध, पनीर, दही, कुल्फी, सांभर और चिली पनीर समेत आठ खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने ठाकुर दूध डेयरी (बर्रा) से दूध एवं पनीर, गोवर्धन डेयरी (घाटमपुर) से मिश्रित दूध, पांडेय स्वीट एंड नमकीन (घाटमपुर) से पनीर, जवाहर नगर से कुल्फी, राठौर दूध डेयरी (पनकी) से पनीर, गोपाल दूध भंडार (रामनारायण मार्केट) से भैंस का दूध, गुलशन डेयरी (फजलगंज) से दही तथा स्पाइसी फूड (किदवई नगर) से सांभर एवं चिली पनीर के नमूने लिए।
जांच के दौरान स्पाइसी फूड, किदवई नगर में रखे गए 25 किलोग्राम रंगीन फिंगर चिप्स खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिन्हें विभागीय टीम ने तत्काल नष्ट करा दिया।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने बताया कि वर्षा ऋतु को देखते हुए सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थ ढककर रखने, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।