स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा में सख्त दिखे डीएम, खराब प्रगति पर अधिकारियों को चेतावनी
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय की बैठक आयोजित
कानपुर नगर।
जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, नियमित टीकाकरण कार्यक्रम, परिवार कल्याण कार्यक्रम, जननी सुरक्षा योजना तथा आयुष्मान भारत योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान विभिन्न योजनाओं में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री वय वंदन योजना के अंतर्गत 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 1,03,348 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिसके साथ कानपुर नगर प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। जिलाधिकारी ने अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र बुजुर्गों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जनपद में अब तक 9,20,104 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं तथा उपचार क्लेम के रूप में 201 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है।
समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधनू का प्रदर्शन अत्यंत खराब पाए जाने पर संबंधित एमओआईसी को कड़ी चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं जननी सुरक्षा योजना में सरसौल एवं कल्याणपुर की प्रगति भी असंतोषजनक मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संबंधित अधिकारियों की प्रतिदिन समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत मंत्रा पोर्टल पर दर्ज 6,127 महिलाओं को तीन दिन के भीतर लाभान्वित करने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी पात्र महिला का भुगतान लंबित नहीं रहना चाहिए। सर्वाधिक भुगतान लंबित पाए जाने पर सरसौल, बिधनू एवं कल्याणपुर के ब्लॉक अकाउंट मैनेजरों को सेवा समाप्ति नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत तैनात कोई भी चिकित्सक अथवा कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति लगातार 10 दिनों तक अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इस व्यवस्था का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा में खराब प्रगति पाए जाने पर एमओआईसी ककवन, कल्याणपुर एवं बिधनू को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत वर्तमान में 1,363 टीबी रोगियों को पोषण पोटली उपलब्ध कराई जा रही है।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं में गुणवत्तापूर्ण प्रगति सुनिश्चित की जाए तथा पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध ढंग से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं जिला स्वास्थ्य समिति के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।
"डीएम जितेन्द्र प्रताप सिंह का सख्त संदेश: स्वास्थ्य योजनाओं में लापरवाही नहीं चलेगी, खराब प्रदर्शन पर होगी कार्रवाई"


Share this story