कानपुर में, मोमोज और चटनी की तो लग गई लंका, अब चटोरी जीभ का क्या होगा

कानपुर में गंदगी के बीच बन रहे मोमोज पर बड़ी कार्रवाई: 20 किलो मोमोज व 20 लीटर चटनी नष्ट, अवैध यूनिट सील
कानपुर नगर। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत शनिवार को बड़ी कार्रवाई की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के क्रम में 25 अप्रैल 2026 को भूरे पुरवा, राजेन्द्र पुरम, नौबस्ता क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित मोमोज एवं चटनी निर्माण इकाई पर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं मौजूद रहे।
निरीक्षण में सामने आया कि प्रतिष्ठान में मोमोज और चटनी का निर्माण बेहद गंदी, अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में किया जा रहा था। हालात को गंभीर मानते हुए टीम ने तत्काल प्रभाव से यूनिट को बंद करा दिया।
मौके पर दुर्गंधयुक्त मोमोज और रंगीन चटनी के नमूने लेकर खाद्य विश्लेषण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए। साथ ही करीब 20 किलोग्राम मोमोज और 20 लीटर रंगीन चटनी को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि कानपुर नगर में मिलावटी खाद्य पदार्थ बनाने वालों और गंदगी में खाद्य सामग्री तैयार करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा। प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Share this story