किरायेदार व ड्रोन संचालकों का सत्यापन अनिवार्य, कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों पर कड़ी निगरानी
कानपुर नगर।
उत्तर प्रदेश सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री ने बुधवार को सरसैयाघाट स्थित सभागार में विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी सभी शिकायतों का समाधान एक सप्ताह में किया जाए, अन्यथा जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी।
बिजली व्यवस्था की समीक्षा में मंत्री ने खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने और स्थानीय स्तर पर शिकायत निस्तारण केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग पर सख्ती दिखाते हुए उन्होंने सरकारी डॉक्टरों की औसत ओपीडी की निगरानी करने और निजी प्रैक्टिस पर रोक लगाने की बात कही।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर उन्होंने किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य करने, महिला सुरक्षा बढ़ाने और एंटी रोमियो स्क्वायड को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। साथ ही, ड्रोन संचालकों का भी सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया।
विकास कार्यों की समीक्षा में मैनावती मार्ग समेत लंबित परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि देरी और लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं होगी।
बैठक में जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

