कानपुर। थाना साइबर क्राइम, पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹2.52 करोड़ की साइबर/क्रिप्टो निवेश ठगी का पर्दाफाश किया है। मामले में बिजनौर निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसके बैंक खाते में ठगी की रकम में से ₹45 लाख प्राप्त हुए थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, टेलीग्राम और फर्जी क्रिप्टो निवेश प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश करवाता था। ठगी से प्राप्त धनराशि को विभिन्न बैंक खातों के जरिए आगे ट्रांसफर किया जाता था, जिससे पूरे नेटवर्क का संचालन किया जा रहा था।

इस मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। साइबर थाना पुलिस तकनीकी एवं वित्तीय जांच के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है तथा उनके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त अपराध श्री श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और जनता से अपील की कि किसी भी ऑनलाइन निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसकी सत्यता की पूरी जांच अवश्य करें।