*वर्दी में दम, बाजुओं में ताकत, आरक्षी सिद्धांत सेठ बने देश के नए चैंपियन*
कानपुर। पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर के आरक्षी सिद्धांत सेठ ने अपनी अद्भुत ताकत और शानदार प्रदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर नया इतिहास रच दिया है। हरियाणा के करनाल में आयोजित ऑल इंडिया पुलिस वेटलिफ्टिंग क्लस्टर चैंपियनशिप-2026 में सिद्धांत सेठ ने 88 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर कानपुर पुलिस का नाम पूरे देश में रोशन कर दिया।
23 से 27 मई 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सिद्धांत सेठ ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 120 किलोग्राम स्नैच तथा 160 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क भार उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उन्हें स्वर्ण पदक दिलाया, बल्कि एक नया राष्ट्रीय कीर्तिमान भी स्थापित कर दिया।
विशेष बात यह रही कि क्लीन एंड जर्क स्पर्धा में 160 किलोग्राम भार उठाकर उन्होंने पूर्व रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इससे पहले 89 किलोग्राम भार वर्ग में 158 किलोग्राम का रिकॉर्ड दर्ज था, जिसे सिद्धांत सेठ ने 88 किलोग्राम भार वर्ग में 160 किलोग्राम वजन उठाकर पीछे छोड़ दिया और नया इतिहास अपने नाम कर लिया।
यह पहली बार नहीं है जब सिद्धांत सेठ ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया हो। वर्ष 2023 में भी वह राष्ट्रीय चैंपियन रह चुके हैं। उनकी इस शानदार उपलब्धि से पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित होने का अवसर मिला है।