कानपुर।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त श्री रघुबीर लाल एवं जिलाधिकारी श्री जितेंद्र प्रताप सिंह ने दयानंद गर्ल्स इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कहा कि परीक्षा को सकुशल एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं जिलाधिकारी ने केंद्र पर मौजूद व्यवस्थाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर तैनात कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को जिम्मेदारीपूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को सुगम एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।