चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय चित्रकूट प्रवास के दूसरे दिन भगवान कामतानाथ के दर्शन कर पावन कामदगिरि की परिक्रमा की। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री की परिक्रमा के दौरान पूरा मार्ग "जय श्रीराम" के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
मुख्यमंत्री ने बरहा हनुमान मंदिर से परिक्रमा की शुरुआत की और रघुवर किशोर मंदिर, प्रथम मुखारविंद, भारत मिलाप मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन किया। कामदगिरि महाआरती स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाआरती संपन्न हुई। इस अवसर पर आचार्य विपिन विराट ने मुख्यमंत्री को कामदगिरि का चित्र एवं रामनामी अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। सभासद अरुण कुमार त्रिपाठी 'जुगल' ने भी भगवान कामतानाथ का चित्र और अंगवस्त्र देकर उनका स्वागत किया।
परिक्रमा के दौरान मुख्यमंत्री का सहज और मानवीय स्वरूप भी देखने को मिला। उन्होंने रास्ते में मिले बच्चों से आत्मीय बातचीत की, उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और उन्हें ट्रॉफी व चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया। बच्चों को गोद में लेकर स्नेह जताया। वहीं बंदरों और गौवंश को चना-गुड़ खिलाकर जीवों के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया।
परिक्रमा के बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचे, जहां "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत हरिशंकरी का पौधरोपण किया। इसके बाद उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संवाद किया। बांदा रवाना होने से पहले उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
इस दौरान लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री बृजेश सिंह, आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार, डीआईजी राजेश एस., जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, सीडीओ डी.पी. पाल, एडीएम चंद्रशेखर, एडीएम अरुण कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, नगर पालिका परिषद कर्वी अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं संत-महात्मा उपस्थित रहे।