इंटरलॉकिंग कार्य, वित्तीय अनियमितता और निर्माण कार्यों में मिलीं खामियां, विद्यालय व ऐतिहासिक दरगाह का भी लिया जायजा*
कानपुर नगर। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने शुक्रवार को विकास खंड बिल्हौर की कई ग्राम पंचायतों का स्थलीय निरीक्षण कर वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में कराए गए विकास कार्यों की गुणवत्ता और अभिलेखों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितताओं पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत पूरा में कराए गए इंटरलॉकिंग कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाए जाने पर अवर अभियंता राज कुमार की जिम्मेदारी तय करते हुए उनका वेतन बाधित करने के निर्देश दिए गए। वहीं अभिलेखों के सही रखरखाव में लापरवाही मिलने पर ग्राम पंचायत अधिकारी सलोनी कुशवाहा तथा तत्कालीन सचिव सत्यम से स्पष्टीकरण तलब करते हुए उनका वेतन भी रोकने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत बिल्हौर देहात में पंचम वित्त आयोग की धनराशि निर्धारित मानकों से अधिक व्यय किए जाने का मामला सामने आया। इस पर संबंधित सचिव सुरेश चन्द्र से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के साथ उनका वेतन बाधित करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत संजती बादशाहपुर में अंत्येष्टि स्थल निर्माण से संबंधित पत्रावली में कमियां मिलने पर कंसल्टिंग इंजीनियर नितिन कश्यप से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिए गए। इसी ग्राम पंचायत में निर्मित खेल मैदान के कार्य में भी खामियां मिलने पर ग्राम पंचायत अधिकारी अरुण सोनकर को दो दिन के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए तथा लापरवाही के चलते उनका वेतन रोकने के आदेश भी जारी किए गए।
निरीक्षण के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने कम्पोजिट विद्यालय बिल्हौर देहात का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर का आकलन किया और प्रधानाचार्या को विद्यालय में छात्र पंजीकरण बढ़ाने तथा विद्यालय को 'निपुण' बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत मकनपुर स्थित ऐतिहासिक दरगाह के निरीक्षण के दौरान दरगाह परिसर के पास कूड़े का ढेर मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को तत्काल सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ग्राम पंचायत सिघौली में विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक की अध्यक्षता में आयोजित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने सहभागिता की। उन्होंने महिलाओं को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही खंड विकास अधिकारी बिल्हौर एवं सहायक विकास अधिकारी (आईएसबी) को 3 अगस्त 2026 को ग्राम पंचायत में समूहों की बैठक आयोजित कर अधिक से अधिक महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, वित्तीय पारदर्शिता और जवाबदेही से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
सीडीओ अभिनव जैन का बिल्हौर में औचक निरीक्षण, अनियमितताओं पर कई अधिकारियों-कर्मचारियों के वेतन रोकने के निर्देश

Share this story
