शिक्षकों की कमी, गंदे शौचालय, क्षतिग्रस्त टंकियां और दो वर्षों से फल-दूध वितरण बंद मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
कानपुर नगर। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव जे. जैन ने गुरुवार को विकास खंड पतारा के अंतर्गत कई विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा अमृत सरोवरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं में गंभीर खामियां सामने आईं, जिस पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई और जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कम्पोजिट विद्यालय रायपुर में पोर्टल पर दर्शाए गए शिक्षकों और मौके पर कार्यरत शिक्षकों की संख्या में अंतर पाए जाने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से आख्या तलब की। विद्यालय का शौचालय बंद और पानी की टंकी क्षतिग्रस्त मिली। बच्चों का शैक्षणिक स्तर भी अपेक्षाकृत कमजोर पाए जाने पर प्रधानाचार्य को शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए गए।
कम्पोजिट विद्यालय छांजा में प्रधानाचार्य द्वारा स्वयं कोई विषय न पढ़ाए जाने पर नाराजगी जताई गई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए। विद्यालय के शौचालय भी जर्जर हालत में मिले। सीडीओ ने इस वित्तीय वर्ष में विद्यालय को 'निपुण विद्यालय' बनाने के निर्देश दिए।
प्राथमिक विद्यालय सराय में बच्चों का नामांकन कम मिलने पर प्रधानाचार्य संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। विद्यालय के शौचालय में अत्यधिक गंदगी और पानी की टंकी क्षतिग्रस्त मिली। वहीं, पिछले दो वर्षों से बच्चों को फल और दूध का वितरण न होने की जानकारी पर ग्राम प्रधान के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश जिला पंचायतराज अधिकारी को दिए गए।
विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र सराय के निरीक्षण के दौरान पोषण आहार का वितरण होता मिला। सीडीओ ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों में भी पोषाहार वितरण का सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
कम्पोजिट विद्यालय पड़री में एक शिक्षामित्र द्वारा बीएलओ ड्यूटी अंकित कर अनुपस्थित रहने पर उसका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। साथ ही बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सुधार, मिड-डे मील गैस पर ही पकाने तथा खेल मैदान विकसित कराने के निर्देश भी प्रधानाचार्य को दिए गए।
अमृत सरोवर छांजा का रखरखाव संतोषजनक मिला। सीडीओ ने तालाब परिसर में अधिक वृक्षारोपण तथा चारों ओर बैठने के लिए बेंच लगाने के निर्देश खंड विकास अधिकारी पतारा को दिए।
वहीं अमृत सरोवर पड़री लालपुर में पाथवे पर झाड़ियां मिलने पर एक माह के भीतर कार्य पूर्ण कराने और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट परियोजना निदेशक डीआरडीए को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ के औचक निरीक्षण में खुली स्कूलों की बदहाली, शिक्षण व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं पर जताई नाराजगी


Share this story