कानपुर नगर। जनपद के दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 3 अगस्त से 10 अगस्त, 2026 तक राजकीय आईटीआई, पांडु नगर में विशेष दिव्यांग रोजगार एवं स्वरोजगार अभियान आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से दिव्यांगजनों को रोजगार, स्वरोजगार, बैंक ऋण, कौशल विकास तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
अभियान के दौरान पात्र दिव्यांगजनों को उनकी योग्यता, रुचि और आवश्यकता के अनुसार विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाएगा तथा आवेदन प्रक्रिया भी मौके पर पूरी कराई जाएगी। इनमें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना, माटीकला टूलकिट योजना, खादी एवं ग्रामोद्योग योजना तथा ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं।
अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने शनिवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में 4 अगस्त, 2026 को पांडु नगर स्थित राजकीय आईटीआई परिसर में वृहद दिव्यांग रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में सरकारी विभागों के साथ-साथ निजी संस्थाएं भी भाग लेंगी। इनमें डॉ. रेड्डी फाउंडेशन, जोमैटो, केएमजी एंटरप्राइजेज प्रा. लि., शैडो फैक्स टेक्नोलॉजी प्रा. लि., वर्क सेतु, सन पावर एनर्जी रेनोवेशन, एस-वर्ड, प्रविक बुलटेक, जीटीवी हॉस्पिटल, आश्रय कम्युनिटी हॉस्पिटल और कैम्ब्रिज हाईस्कूल सहित कई संस्थाएं शामिल होंगी। आयोजन के माध्यम से करीब 1000 दिव्यांगजनों को विभिन्न योजनाओं और रोजगार के अवसरों से लाभान्वित करने की कार्ययोजना बनाई गई है।
जिला प्रशासन ने इच्छुक दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड, पासपोर्ट आकार के फोटो तथा शैक्षिक योग्यता के प्रमाण-पत्र साथ लेकर निर्धारित तिथि पर उपस्थित हों। अधिक जानकारी के लिए जिला समन्वयक, कौशल विकास मिशन के मोबाइल नंबर 7991200207, 7991200206 एवं 8279939115 पर संपर्क किया जा सकता है।
दिव्यांगजनों के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर: 3 से 10 अगस्त तक विशेष अभियान, 4 अगस्त को लगेगा वृहद दिव्यांग रोजगार मेला


Share this story