कानपुर। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनुभव कटियार के नेतृत्व में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की पुण्यतिथि पर ‘सम्मान एवं संकल्प अभियान’ के तहत गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने देवी अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सामाजिक एवं धार्मिक योगदान को याद किया।
मुख्य वक्ता पूर्व पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य अरुण पाल ने कहा कि सन 2012 में बनी समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान औरैया के बिधूना में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम से स्थापित डिग्री कॉलेज का नाम बदलकर राम मनोहर लोहिया डिग्री कॉलेज कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि इससे पिछड़ा वर्ग समाज और अहिल्याबाई के अनुयायियों की भावनाएं आहत हुईं। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औरैया में नवनिर्मित राजकीय मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखकर उनका सम्मान बढ़ाया।
क्षेत्रीय संयोजक विनोद पाल ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने काशी विश्वनाथ और सोमनाथ सहित अनेक मंदिरों व मठों के पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने उनके जीवन और कार्यों को सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण की प्रेरणा बताया।
कार्यक्रम संयोजक अजय शर्मा, सह संयोजक अरविंद, जिला मंत्री विनोद पाल, उपाध्यक्ष अमन, अंकित, महेश पाल, धरमू पाल, शिवम और अजय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।