रिश्तेदारी में आई थी 15 वर्षीय सविता, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बदायूं। सहसवान तहसील क्षेत्र के नगला बरन गंगा घाट पर शुक्रवार को गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। रिश्तेदारी में आई 15 वर्षीय किशोरी तेज बहाव की चपेट में आ गई और देखते ही देखते नदी में लापता हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार तहसील बिसौली क्षेत्र के ग्राम करकेरा कृपाल निवासी सविता अपने परिजनों के साथ नगला बरन गांव में रिश्तेदारी में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने आई थी। बारात लौटने का इंतजार करते समय परिवार की कुछ महिलाएं और अन्य रिश्तेदार गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंचे। इसी दौरान स्नान करते समय सविता का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बह गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम और जल रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। दोनों टीमें संयुक्त रूप से किशोरी की तलाश में अभियान चला रही हैं।
समाचार लिखे जाने तक किशोरी का शव बरामद नहीं हो सका था। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है, जबकि प्रशासन द्वारा लगातार रेस्क्यू अभियान जारी रखा गया है।