‘मिशन सेफ फ्यूचर 2.0’ के तहत परिवहन विभाग की कार्रवाई, ओवरलोडिंग पर दो वाहन जब्त
बदायूं। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने मंगलवार को ‘मिशन सेफ फ्यूचर 2.0’ के तहत विशेष चेकिंग अभियान चलाया। एआरटीओ हरिओम और यात्री/मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न मार्गों पर स्कूली वाहनों की जांच की।

अभियान में 30 स्कूली वाहनों की जांच की गई। मानकों में कमी मिलने पर तीन के चालान किए गए, जबकि क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वाले दो वाहनों को सीज कर दिया गया।

इसके अलावा हेलमेट और सीटबेल्ट समेत अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 42 वाहन चालकों के चालान किए गए। कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।

एआरटीओ हरिओम ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट और सीटबेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति से वाहन चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की।