बाबा बर्फानी के जयघोष के बीच अमरनाथ यात्रियों की सेवा हेतु खाद्य सामग्री रवाना, महापौर ने दिखाई हरी झंडी
3 जुलाई से प्रारंभ होने वाली पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा के लिए शिव सेवक समिति ने भेजी सेवा सामग्री, हिन्दू-मुस्लिम एकता की भी बनी मिसाल
कानपुर नगर।
"भूखे को अन्न, प्यासे को पानी देते हैं बाबा अमरनाथ बर्फानी" और "हर-हर महादेव, बम-बम भोले" के जयघोष के बीच शिव सेवक समिति द्वारा पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं की सेवा के लिए खाद्य सामग्री से भरे ट्रकों को साकेत नगर स्थित नीलकंठ गेस्ट हाउस से रवाना किया गया। नगर महापौर प्रमिला पाण्डेय, केसीए चेयरमैन संजय कपूर, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया तथा समिति अध्यक्ष रत्नेश वर्मा 'शीलू' ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर ट्रकों को रवाना किया।
समिति अध्यक्ष रत्नेश वर्मा 'शीलू' ने बताया कि आगामी 3 जुलाई से प्रारंभ होने वाली पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान शिव सेवक समिति विगत कई वर्षों से श्रद्धालुओं की सेवा में निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि खाद्य पदार्थों एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों से भरा एक अन्य ट्रक भी नीलकंठ गेस्ट हाउस गौशाला परिसर से रवाना किया गया है।
रत्नेश वर्मा 'शीलू' ने प्रदेशवासियों एवं नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि श्रद्धालु निश्चिंत होकर बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए यात्रा करें। शिव सेवक समिति बाबा अमरनाथ के आशीर्वाद से यात्रियों की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए हर संभव सेवा उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की सेवा के संकल्प के साथ समिति इस वर्ष भी बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि पिछले पांच वर्षों से मुस्लिम समुदाय से जुड़े एकराम जी द्वारा अमरनाथ यात्रा सेवा कार्य के लिए निशुल्क ट्रक उपलब्ध कराया जा रहा है, जो हिन्दू-मुस्लिम एकता और सामाजिक सौहार्द की एक प्रेरणादायी मिसाल है।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं और पदाधिकारियों ने "हर-हर महादेव", "बम-बम भोले" और "बाबा बर्फानी अमर रहें" के उद्घोष के साथ भक्तिमय वातावरण का निर्माण किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से आलोक सचान, अनिल चतुर्वेदी, सौरभ गुप्ता, आनंद शर्मा, तेज बहादुर वर्मा, अमित वर्मा, परशुराम शुक्ल, प्रमोद त्रिपाठी, अनुज यादव, मनोज जायसवाल, रवि यादव, रितेश गुप्ता, अशोक बाजपेयी, घनश्याम दास अग्रवाल, शौर्य सिंह, अमर शुक्ला, एन.सी. कटिहार, सनी गुप्ता, अमरदीप अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।