कानपुर नगर, 10 अप्रैल 2026।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के आयुक्त एवं अपर आयुक्त (प्रशासन) द्वारा आज बगदौली कछार, बिठूर रोड, मंधना स्थित मंडलीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला एवं कार्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त (खाद्य/औषधि), खाद्य सुरक्षा अधिकारी, औषधि निरीक्षक, प्रयोगशाला प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण में बताया गया कि प्रयोगशाला का संचालन जनवरी 2025 से प्रारंभ हो चुका है तथा इसे मान्यता (प्रमाणीकरण) दिलाने की प्रक्रिया जारी है। प्रयोगशाला के लिए आवश्यक उपकरणों, रसायनों एवं ग्लासवेयर की खरीद प्रक्रिया भी चल रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में सूक्ष्मदर्शी यंत्र सहित अन्य आवश्यक उपकरणों की खरीद की जा चुकी है।

आयुक्त महोदय ने निरीक्षण के दौरान पाया कि एक वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी मंडलीय एवं जनपदीय कार्यालयों का नए भवन में स्थानांतरण नहीं किया गया है, जिस पर असंतोष व्यक्त करते हुए शीघ्र स्थानांतरण के निर्देश दिए गए, ताकि प्रयोगशाला का संचालन सुचारु रूप से हो सके।

उन्होंने प्रयोगशाला में साफ-सफाई व्यवस्था को संतोषजनक बताया, वहीं खाद्य एवं औषधि नमूनों की जांच प्रक्रिया को और अधिक गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश भी दिए। साथ ही भवन के सुचारु संचालन के लिए संविदा कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

प्रयोगशाला प्रभारी ने अवगत कराया कि संविदा कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया प्रगति पर है।