महिला शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में महापौर प्रमिला पांडे की वाहन रैली, महिलाओं में दिखा उत्साह

कानपुर। लोकसभा में पेश होने जा रहे महिला शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में बुधवार शाम महापौर प्रमिला पांडे के नेतृत्व में नगर निगम गेस्ट हाउस से भव्य वाहन रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया और महिला सशक्तीकरण के समर्थन में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
यह वाहन रैली नगर निगम गेस्ट हाउस से प्रारंभ होकर महर्षि वाल्मीकि उपवन पर जाकर समाप्त हुई। इस दौरान पूरे मार्ग में महिलाओं का जोश और समर्थन देखने को मिला।
रैली के दौरान महापौर प्रमिला पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार महिलाओं के हित में ऐतिहासिक निर्णय लेकर उन्हें सशक्त बना रहे हैं। उन्होंने महिला शक्ति वंदन अधिनियम को 21वीं सदी का सबसे बड़ा निर्णय बताते हुए कहा कि यह कानून विधायी निकायों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर सशक्तीकरण को नई दिशा देगा।
महापौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस फैसले से देश की आधी आबादी में खुशी की लहर है और महिलाएं खुद को अधिक सशक्त महसूस कर रही हैं।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, पार्षद दल के नेता नवीन पंडित, पार्षद विद्या वंदना, गुंजन शर्मा, आरती गौतम, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष अनीता त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
Share this story