कानपुर नगर।
जनपद में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री परिवहन योजना–2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर यातायात सुविधा से जोड़ने के लिए विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक के दौरान अधिकारियों को अवगत कराया गया कि योजना के अंतर्गत जनपद में कुल 10 बसों का संचालन प्रस्तावित है। ये बसें विशेष रूप से उन ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से संचालित की जाएंगी, जहां से नगर मुख्यालय तक नियमित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा या तो सीमित है या उपलब्ध नहीं है।
इस योजना के लागू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में आसानी होगी, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चयनित आवेदकों की पात्रता एवं अभिलेखों का परीक्षण शीघ्रता से पूर्ण किया जाए। उन्होंने आवश्यक प्रमाणपत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और बसों के संचालन की प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष जोर दिया, ताकि जल्द से जल्द योजना का लाभ आमजन तक पहुंच सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, सहायक समाज कल्याण अधिकारी (प्रशासन), क्षेत्रीय प्रबंधक कानपुर तथा सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक किदवई नगर डिपो सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
