औचक निरीक्षण में खुली लापरवाही, कई कर्मियों का वेतन रोका
कानपुर नगर।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विकास खण्ड कल्यानपुर का औचक निरीक्षण किए जाने पर विभागीय कार्यप्रणाली में कई अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका में कई बीटी/एबीटी कर्मियों द्वारा ‘टूर’ अंकित किया गया था, लेकिन सत्यापन पर उनकी उपस्थिति संदिग्ध पाई गई। एक कर्मचारी से दूरभाष पर संपर्क करने पर उन्होंने अपनी उपस्थिति शहरी क्षेत्र में बताई, जबकि पंजिका में अन्य स्थान पर दर्ज थी।
निरीक्षण के समय अवर अभियंता लघु सिंचाई प्रिया मिश्रा तथा ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अवर अभियंता दिनेश कुमार यादव अनुपस्थित पाए गए। इस पर संबंधित अधिकारियों को स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, आशीष मौर्य और रामनरेश को छोड़कर शेष बीटी/एबीटी एवं अवर अभियंताओं का 10 अप्रैल 2026 का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं, स्वयं सहायता समूहों के संचालन की समीक्षा में पाया गया कि कई समूह उत्पाद निर्माण कर बाजार में बिक्री कर रहे हैं, लेकिन उनका कार्य के अनुसार वर्गीकरण व पंजीकरण नहीं हुआ है। इस पर संबंधित बीएमएम को शीघ्र सूची तैयार कर समूहों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए, ताकि उन्हें विभिन्न योजनाओं में शामिल किया जा सके।