मनरेगा घोटाले पर सख़्ती : 20.58 लाख की अनियमितता मे चार कर्मी बर्खास्त,वसूली शुरू

कानपुर नगर।
बिल्हौर ब्लॉक की ग्राम पंचायत सेबसू में मनरेगा कार्यों में लगभग 20.58 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आने पर जिलाधिकारी ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर दो अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी और दो तकनीकी सहायकों सहित चार संविदाकर्मियों को बर्खास्त कर दिया गया।
सीडीओ के निर्देश पर गठित समिति ने 2022-23 से 2024-25 तक के कार्यों की जांच में भुगतान और क्रियान्वयन में गंभीर अनियमितताएं पाईं। नियमों की अनदेखी और बिना समुचित परीक्षण भुगतान किए जाने के मामले सामने आए।
दोषी पाए गए कर्मियों में प्रीति अग्निहोत्री, दीप सिंह, इन्द्र कुमार और प्रमोद कुमार शामिल हैं। वहीं एक अन्य अधिकारी को चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने अनियमित खर्च की वसूली शुरू कर दी है और संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है।
सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Share this story