कानपुर में MSME सेक्टर को मिलेगा नया बल: RAMP के तहत कौशल प्रशिक्षण व रोजगार बढ़ाने की पहल

कानपुर, 16 अप्रैल 2026।
एमएसएमई सेक्टर को सशक्त बनाने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में कानपुर में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) कार्यक्रम के अंतर्गत MSME टेक्नोलॉजी सेंटर, फजलगंज में स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन मीट एवं कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय, उत्तर प्रदेश के आयुक्त एवं निदेशक के. विजेंद्र पांडियन (आईएएस) ने की, जबकि सह-अध्यक्षता उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के प्रबंध निदेशक रोहित आनंद (आईएएस) ने की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, एमएसएमई मंत्रालय के प्रतिनिधि तथा कानपुर के प्रमुख औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बताया गया कि RAMP योजना के तहत CNC Milling Programming, Inspection & Quality Control, Creo (CAD/CAM) और AutoCAD जैसे आधुनिक तकनीकी पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षणों पर 90 से 96 प्रतिशत तक सरकारी सब्सिडी दी जाएगी, जिससे यह युवाओं के लिए बेहद किफायती होगा।
आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 तय की गई है, जबकि प्रशिक्षण 15 मई 2026 से प्रारंभ होगा। सीमित सीटों के चलते प्रवेश “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर दिया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि MSME टेक्नोलॉजी सेंटर न केवल प्रशिक्षण का केंद्र है, बल्कि यह उद्योगों के लिए उत्पादन कार्यों में भी सहयोग करता है। बैठक में उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप भविष्य में और उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण शुरू करने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम का समापन MSME क्षेत्र की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने और सतत औद्योगिक विकास को सुनिश्चित करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
Share this story