सिटी गैस नेटवर्क विस्तार पर जोर, डीएम ने दिए समयबद्ध कार्य के निर्देश

कानपुर नगर।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के विस्तार को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में गैस पाइपलाइन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने घरेलू और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने और आपूर्ति कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य करें। स्वीकृति और अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) की प्रक्रिया को सरल व पारदर्शी बनाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में PNG कनेक्शन बढ़ाने, कराधान, भूमि उपयोग और अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। डीएम ने कहा कि होटल, अस्पताल, स्कूल, कॉलेज और अन्य संस्थानों को PNG अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे सस्ती और सुरक्षित गैस आपूर्ति मिल सके।

जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों घाटमपुर व बिल्हौर में टोरेंट गैस, शहरी क्षेत्र में CUGL तथा बिठूर सहित अन्य क्षेत्रों में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड द्वारा नेटवर्क विस्तार किया जा रहा है। वर्तमान में CUGL के पास करीब 1.31 लाख घरेलू, 455 वाणिज्यिक और 152 औद्योगिक कनेक्शन हैं।

डीएम ने बताया कि जहां पाइपलाइन बिछ चुकी है, वहां अधिसूचना के तीन माह के भीतर सिलेंडर आपूर्ति बंद की जा सकती है। उन्होंने जनपदवासियों से PNG कनेक्शन लेने की अपील करते हुए बताया कि यह सुरक्षित, किफायती और मीटर आधारित सुविधा है, जिसमें लगभग ₹5000 रिफंडेबल सुरक्षा शुल्क लिया जाता है।

बैठक के निर्णयों की नियमित समीक्षा के भी निर्देश दिए गए।