जनपद में एमआर टीकाकरण अभियान का भव्य शुभारंभ, 200 बच्चों को सुरक्षा कवच देने का लक्ष्य

जनपद में खसरा-रूबेला (MR) संक्रमण की रोकथाम एवं नियंत्रण के उद्देश्य से आज नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कैंट से विशेष ORI (आउटब्रेक रिस्पॉन्स इम्यूनाइजेशन) अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत चिन्हित क्षेत्र में तीन विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कुल 200 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए नियमित टीकाकरण कार्यक्रम पहले से संचालित है, लेकिन खसरा-रूबेला के हालिया मामलों को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस बीमारी में पहले बुखार आता है, जिसके बाद शरीर पर लाल चकत्ते उभरने लगते हैं, जो बच्चों के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन, स्वास्थ्य विभाग और देश के नेतृत्व का संकल्प है कि खसरा-रूबेला जैसी बीमारियों का पूर्ण उन्मूलन किया जाए। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए जनपद में ORI अभियान को तेजी से लागू किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं। साथ ही स्वास्थ्य टीमों को सहयोग प्रदान करें, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रह जाए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (DIO), PO-JSI, SMO, डिप्टी CMO सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
Share this story